
सीधी।आदिवासी बाहुल्य जनपद पंचायत कुशमी अंतर्गत संकुल केन्द्र पोंडी के हाई स्कूल पिपराही में पदस्थ शिक्षकों के साथ कुछ असामाजिक तत्वों के द्वारा शनिवार को मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया है। जिसकी शिकायत शिक्षक संघ द्वारा पुलिस थाना मड़वास में दर्ज कराई गई है। घटना के संबंध में पीड़ित माध्यमिक शिक्षक कमलेश विश्वकर्मा द्वारा पुलिस थाना मड़वास में दिए गए शिकायती आवेदन में बताया गया कि मैं शासकीय हाई स्कूल पिपराही में शिक्षक पद पर पदस्थ हूं। बीते शनिवार को सुबह 10.20 बजे विद्यालय पिपराही जा रहा था। जैसे ही रामललित बैगा ग्राम पिपराही के दुकान के पहले पहुंचा तभी ग्राम कुदारिया निवासी चेतन पिता अर्जुन सिंह बरगाही, बब्लू पिता राजभान सिंह बरगाही, मनीष पिता अमरजीत सिंह बरगाही बीच सड़क में मोटर साइकिल लेकर खड़े थे। जब मैं एक किनारे से अपनी वाइक निकालने लगा तो पीछे से मेरी वाइक पकड़कर रोक गाली गलौज करने लगे तथा मेरे मना करने पर वाइक की चाभी निकल लिए और लात घूंसे से मुझे मारने लगे। यह देखकर कुछ ग्रामीणों द्वारा बीच बचाव किया जाने लगा। इस बीच मौका पाकर मेरे द्वारा अपने स्थानीय शिक्षक साथी शिवसहाय यादव एवं प्राचार्य कैलाश गुप्ता को दूरभाष के माध्यम से घटना की सूचना दी गई। सूचना उपरांत प्राथमिक शिक्षक शिवसहाय यादव जो की स्थानीय हैं घटना स्थल पर पहुंचे तो तीनों युवकों द्वारा उनके साथ भी मारपीट करने लगे। यह देखकर आस पास के कुछ ग्रामीण जन दौड़े और बीच बचाव करते हुए पुलिस को सूचना देने की बात की जाने लगी। पुलिस का नाम सुनते ही एक ही वाइक में तीनों युवक बैठकर अपने घर की तरफ निकल गए। बताया गया कि तीनों युवक आदतन अपराधी प्रवृत्ति के हैं जो आए दिन लड़ाई झगडे करते रहते हैं। पूर्व में भी शिक्षकों सहित अन्य ग्रामीणों के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दे चुके हैं।
इनका कहना है –
तीन लोगों द्वारा स्कूल जाते समय रास्ते में मेरे साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया है। जिसमें मेरे कपड़े फाड़ दिए गए हैं तथा मेरी गर्दन सिर और कमर में काफी चोंटें आई हैं। इस घटना की शिकायत संघ के सदस्यों के साथ मड़वास थाना में दर्ज कराई गई है।
कमलेश विश्वकर्मा ,पीड़ित शिक्षक
मेरे साथी शिक्षक कमलेश विश्वकर्मा द्वारा फोन पर मारपीट होने की जानकारी दी गई। सूचना उपरांत मौके पर पहुंचा तो तीनों युवक मुझ टूट पड़े और लात घूसों से मारना शुरू कर दिए। जिससे मेरी कमर पर चोंट आई है। ग्रामीणों द्वारा बीच बचाव किया। तब जान बची। मड़वास थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिव सहाय यादव पीड़ित शिक्षक
शिक्षक संघ ने कुछ शिक्षकों द्वारा मारपीट की घटना को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। उसमें मुकदमा कायम कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भूपेश वैश, थाना प्रभारी मड़वास
