अनूपपुर: राष्ट्रीय त्यौहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा हेतु दुर्ग से हज़रत निज़ामुद्दीन के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन के परिचालन की घोषणा की है। यह ट्रेन 5 अक्टूबर से 23 नवम्बर तक (कुल आठ फेरे) चलेगी, जबकि वापसी सेवा 6 अक्टूबर से 24 नवम्बर तक उपलब्ध रहेगी। यह ट्रेन रायपुर, उसलापुर, पेंड्रा रोड, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी मुरवारा, दमोह, सागर, झाँसी, आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन और पलवल होते हुए हज़रत निज़ामुद्दीन स्टेशन तक जाएगी।
पूजा स्पेशल में कुल 20 कोच होंगे, जिनमें 1 एसएलआरडी, 3 सामान्य, 4 शयनयान, 8 एसी 3, 1 एसी 2 तथा 2 एसी इकोनॉमी कोच शामिल रहेंगे। 08760 दुर्ग–हजरत निजामुद्दीन पूजा स्पेशल प्रत्येक रविवार दुर्ग से सुबह 10.45 बजे रवाना होगी और अगले दिन 11.10 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुँचेगी। रास्ते में रायपुर, उसलापुर, पेंड्रा रोड, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी मुरवारा, दमोह, सागर, झाँसी, आगरा कैंट और मथुरा पर ठहरेगी। 08761 हजरत निजामुद्दीन–दुर्ग पूजा स्पेशल प्रत्येक सोमवार दोपहर 12.30 बजे हज़रत निज़ामुद्दीन से चलेगी और मंगलवार को 15 बजे दुर्ग पहुँचेगी। वापसी मार्ग में आगरा कैंट, झाँसी, सागर, दमोह, कटनी मुरवारा, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर (09.15 बजे), पेंड्रा रोड, उसलापुर और रायपुर पर ठहराव रहेगा।
