अनूपपुर: जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पसान में आज शाम चार बदमाशों ने हंगामा खड़ा कर दिया। आरोपियों ने बुलेट मोटर साइकिल सीधे अस्पताल के भीतर डॉक्टर के कक्ष तक घुसा दी और उपचार कर रहे डॉक्टर विपिन कुमार यादव पर हमला कर दिया। घटना से अस्पताल स्टाफ और मरीजों में अफरा-तफरी मच गई।
सूत्रों के मुताबिक मनु नामक युवक अपने तीन साथियों के साथ बिना नंबर की बुलेट पर अस्पताल पहुँचा।
डॉक्टर द्वारा आपत्ति जताने पर मनु और उसके साथी ओम ने गाली-गलौच के साथ डॉक्टर की पिटाई कर दी। बदमाशों ने स्टेथोस्कोप तोड़ दिया, जान से मारने की धमकी दी और भागते समय ड्रेसिंग कक्ष का दरवाजा भी तोड़ डाला।अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं, लेकिन घटना का एक वीडियो सामने आया है जिसमें बदमाशों को बुलेट पर बाहर जाते देखा जा सकता है। भालूमाड़ा थाना प्रभारी संजय खलको ने बताया कि डॉक्टर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना में डॉक्टर के गले में चोट आई है। पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान कर ली है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
