रीवा:मनगवां तहसील के ग्राम नदना में 23 अगस्त को रवीन्द्र सिंह द्वारा अपने कच्चे मकान की मरम्मत कराई जा रही थी. मरम्मत के दौरान आचनक दीवाल गिरने से मरम्मत का कार्य कर रहे श्रमिक सहित मकान मालिक चपेट में आ गये. जिसमें एक श्रमिक और मकान मालिक की मौत हो गई, वही एक घायल श्रमिक का इलाज संजय गांधी अस्पताल में चल रहा है.
जानकारी के मुताबिक मकान का मरम्मत कार्य चल रहा था और अचानक दीवाल गिर गई. मजदूर गणेश कोल, रिंकू कोल और मकान मालिक रवीन्द्र सिंह दब गये. घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम संजय जैन तथा थाना प्रभारी बैकुण्ठपुर ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को तत्काल संजय गांधी अस्पताल रीवा में भर्ती कराया गया. उपचार के दौरान रवीन्द्र सिंह पिता मकरजध्वज सिंह एवं गणेश कोल पिता बैशाखू कोल की मौत हो गयी.
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल रिंकू कोल का इलाज चल रहा है. कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा है कि दुर्घटना में मृतकों की आत्मा को ईश्वर शांति प्रदान करें तथा परिजनों को यह आपार दुख सहने की शक्ति दे. मृतकों के परिजनों को संबल योजना के तहत 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता एवं पांच-पांच हजार रूपये अंत्येष्टि सहायता के रूप में दिये जा रहे हैं. दुर्घटना में घायल रिंकू कोल की स्थिति में सुधार हो रहा है उन्हें भी आर्थिक सहायता मंजूर की जा रही है
