इंदौर: द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. पारदी डेरे में डेढ़ माह के मासूम बच्चे की गला रेतकर हत्या कर दी गई. खून से लथपथ उसका शव दोपहर घर के अंदर मिला. घटना के समय घर में बच्चे की मां, डेढ़ साल की बहन और महिला की देवरानी मौजूद थीं. पुलिस को शुरुआती जांच में बच्चे की मां पर ही शक है, मामले में जांच की जा रही है.
थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि अहिरखेड़ी इलाके में रहने वाले प्रियांश पादरी डेढ़ माह का शव दोपहर घर से मिला. पुलिस को बताया कि उसकी मां नेहा अचानक बाहर भागती हुई आई और कपड़े धो रही देवरानी को आवाज लगाई कि बच्चे को कुछ हो गया है. जब वह अंदर पहुंची तो देखा कि बच्चे का गला कटा हुआ था. इसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और जांच की. पुलिस के मुताबिक, हत्या का शक बच्चे की मां पर ही है. उसके हाथों पर खून के हल्के धब्बे मिले हैं. परिवार का कहना है कि नेहा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह पहले भी बच्चे का गला दबाने का प्रयास कर चुकी है. परिजन बताते हैं कि वह अक्सर अजीब हरकतें करती रहती है. घटना के समय घर पर तीन लोग ही थे मां नेहा, उसकी डेढ़ साल की बेटी और देवरानी. पुलिस ने महिला के हाथों से ब्लड सैंपल भी लिए हैं.
डेढ़ माह पहले हुई थी डिलेवरी
पुलिस को यह भी जानकारी लगी हैं कि नेहा की डिलीवरी करीब डेढ़ माह पहले जम्मू में हुई थी. इसके बाद परिवार उसे लेकर इंदौर आया. मामले में पुलिस बच्चे के पिता सनी पादरी से भी पूछताछ की गई. उसने बताया कि वह सड़कों पर दुकान लगाकर सामान बेचता है और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था. मामले में पुलिस बच्चे की मां से हर एंगल पर पूछताछ कर रही है
