
बेंगलुरु, 11 फरवरी (वार्ता) केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि देश में युवाओं को भविष्य के लिए तैयार कौशल से लैस करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण बुनियादी ढांचे में निवेश आवश्यक है।
श्री चौधरी ने मंगलवार को राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (एनएसटीआई, सामान्य), बेंगलुरु में एक नवनिर्मित छात्रावास भवन का उद्घाटन किया। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार इस सुविधा का उद्देश्य प्रशिक्षुओं के लिए एक सुरक्षित और आरामदायक आवासीय वातावरण प्रदान करना है और यह युवाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर श्री चौधरी ने कहा, “चूंकि कौशल 2047 तक भारत को विकास राष्ट्र बनाने के हमारे संकल्प में केंद्र में है, इसलिए हमारे युवाओं को भविष्य के लिए तैयार कौशल से लैस करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण बुनियादी ढांचे में निवेश आवश्यक है।” उन्होंने कहा कि एनएसटीआई बेंगलुरु में आज छात्रावास का उद्घाटन एक उत्साहजनक और समावेशी स्थान प्रदान करने की दिशा में एक कदम है। यहां प्रशिक्षु बिना किसी बाधा के सीख सकते हैं, नवाचार कर सकते हैं और डिजिट प्रौद्योगिकी पर आधारित उद्योग के लिए अपनी तैयारी कर सकते हैं।
कुल 11.06 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित, नवनिर्मित छात्रावास 3,423.23 वर्ग मीटर में फैला है और इसमें तीन मंजिलों में दो-दो विस्तर वाले 30 कमरे हैं, जिनमें 60 प्रशिक्षु रह सकते हैं।
उद्घाटन समारोह में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय में महानिदेशक (प्रशिक्षण) त्रिशालजित सेठी, आयुक्त, औद्योगिक प्रशिक्षण एवं रोजगार विभाग,डॉ. रागप्रिया आर और अन्य प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
