पटना, 23 सितंबर (वार्ता) अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिये पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिव कुमार समेत कई वरिष्ठ नेता पटना पहुंच चुके हैं।
पटना पहुंचने पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिव कुमार ने पत्रकारों से बात करते हुये कहा कि बिहार अच्छा राज्य है। यहां के लोग मेहनती हैं, लेकिन यहाँ बेरोजगारी ज्यादा है। भारतीय जता पार्टी और नीतीश कुमार यहां अच्छी सरकार नहीं दे सके। इण्डिया गठबंधन यहां परिवर्तन लायेगा। बेरोजगारी दूर होगी, सकल घरेलु उत्पाद भी बढ़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार ने बिहार को कोई मदद नहीं की। नई सरकार इण्डिया गठबंधन की बनेगी। सभी जानते हैं यहां किस तरह से वोट का दुरूपयोग हुआ है, हमारी कोशिश है कि लोगों को फिर वोट का अधिकार मिले।
वहीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि तेजस्वी प्रसाद यादव इंडिया गठबंधन का बड़ा चेहरा हैं, इसमें कोई दो राय नहीं है। राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उन्होंने वोटर अधिकार यात्रा की है, लेकिन अभी कौन सा दल कौन सी सीट पर चुनाव लड़ेगा इस पर चर्चा चल रही है। सीटों का समीकरण, मजबूत उम्मीदवार, मुद्दों के साथ उतारे यह चर्चा चल रही। मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा यह मुद्दा अंतिम में आयेगा।
