ग्वालियर: कांग्रेस के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव की अध्यक्षता में कांग्रेस भवन, शिंदे की छावनी पर ब्लॉक अध्यक्षगणों एवं महिला कांग्रेस की बैठके आयोजित की गई, बैठक में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करने, कांग्रेस पार्टी के आगामी धरने, प्रदर्शन, कार्यक्रमो की रूपरेखा बनाने के साथ ही जनता से सीधे जुड़ाव, जनता को उसकी मूलभूत सुविंधांए दिलाए जाने, जनता की समस्यांओ को हल कराने आदि मुद्दो पर चर्चा कर निर्णय लिए गए।
बैठकों को संबोधित करते हुए शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि संगठन को और अधिक मज़बूत करना, कार्यों को गति देना और जनता के बीच सक्रियता को बढ़ाना हमारा मकसद है। हम केवल बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि सीधे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनें और उनका समाधान कराने की ठोस पहल करें। हमारा लक्ष्य है कि हर कांग्रेसजन सक्रिय बने और जनता की मूलभूत सुविधाओं पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क को दिलाने के लिए संघर्ष करे।
हमें यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी नागरिक अपनी समस्या को लेकर अकेला न महसूस करे। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता उसकी ढाल और आवाज़ बने। हमें बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है, हर घर, हर मोहल्ले, हर वार्ड में हमारी उपस्थिति दर्ज करनी है। सभी ब्लॉक अध्यक्ष जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुनें और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त करें। बैठक में संकल्प लिया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर मोहल्ले और हर वार्ड में सक्रिय रहकर जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।
