जालंधर, (वार्ता) हरियाणा और ओडिशा की टीमें 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप में खिताब के लिए भिड़ेंगी।
आज यहां खेले गये सेमीफाइनल मुकाबलों में हरियाणा और ओडिशा ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज कर जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 के फाइनल में जगह बनाई।
दिन के पहले सेमीफाइनल में हरियाणा ने उत्तर प्रदेश को 3-0 से हराया। हरियाणा के लिए नितिन ने (तीसरे, 54वें) मिनट में दो गोल किए। जीतपाल ने (47वें) मिनट में गोल दागा।
ओडिशा और पंजाब के बीच खेला गया दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला काफी कड़ा रहा, इस मैच में ओडिशा ने मेजबान टीम को 3-2 से हराया। करण लाकड़ा ने (58वें) खेल के अंतिम कुछ मिनटों में गोलकर अपनी टीम को जीत दिलाई। ओडिशा के लिए अन्य दो गोल प्रताप टोप्पो ने (पहले, 15वें) मिनट में किए, जबकि कप्तान गुरसेवक सिंह ने (12वें) और मनमीत सिंह राय ने (44वें) मिनट में पंजाब के लिए एक-एक गोल किया।
सेमीफाइनल में हारने वाली मेजबान पंजाब तीसरे स्थान के लिए उत्तर प्रदेश से मुकाबला करेगी।
