नयी दिल्ली 21 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से टेलीफ़ोन पर बातचीत के दौरान यूक्रेन और पश्चिम एशिया क्षेत्र में संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के प्रयासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि श्री मैक्राें ने श्री मोदी को टेलीफोन किया था।
बातचीत के दौरान राष्ट्रपति मैक्रों ने हाल ही में वाशिंगटन में यूरोप, अमेरिका और यूक्रेन के नेताओं के बीच हुई बैठकों के बारे में प्रधानमंत्री के साथ अपने विचार साझा किए। उन्होंने गाजा की स्थिति पर भी बातचीत की।
प्रधानमंत्री मोदी ने संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान और शांति एवं स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए भारत के निरंतर समर्थन को दोहराया। दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, असैन्य परमाणु सहयोग, प्रौद्योगिकी और ऊर्जा के क्षेत्रों सहित द्विपक्षीय सहयोग एजेंडे में प्रगति की भी समीक्षा की।
उन्होंने भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को मज़बूत करने और वर्ष 2026 को ‘नवाचार वर्ष’ के रूप में मनाने की संयुक्त प्रतिबद्धता की पुष्टि की। राष्ट्रपति मैक्रों ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते को शीघ्र संपन्न करने के लिए भी समर्थन व्यक्त किया।
दोनों नेताओं ने सभी मुद्दों पर संपर्क में बने रहने पर भी सहमति व्यक्त की।
