नयी दिल्ली 21 अगस्त (वार्ता) अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा करने वाले पहले भारतीय ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने गुरुवार को यहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और उनके साथ अंतरिक्ष में अपने अनुभव तथा उपलब्धियां साझा की।
श्री सिंह ने ग्रुप कैप्टन शुक्ला को बधाई दी और उनके सफल मिशन को भारत के अंतरिक्ष में मानव मिशन की यात्रा में मील का पत्थर बताया।
रक्षा मंत्री ने अंतरिक्ष स्टेशन में ग्रुप कैप्टन शुक्ला द्वारा किये गये प्रयोगों की सफलता का उल्लेख करते हुए भारत की अंतरिक्ष अनुसंधान और अन्वेषण क्षमताओं को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी प्रेरणादायक यात्रा युवाओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष अन्वेषण में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।
श्री सिंह ने ग्रुप कैप्टन शुक्ला के साथ मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम में वायु सेना की महत्वपूर्ण भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि कि वायुसेना कर्मियों के पेशेवर दृष्टिकोण और विशेषज्ञता का देश की प्रगति के लिए जरूरी अंतरिक्ष मिशनों में महत्वपूर्ण योगदान है।
चंद्रमा और मंगल ग्रह की खोज से संबंधित मिशनों में विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त उपलब्धियों के साथ भारत अब मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशनों तथा अपने स्वयं के अंतरिक्ष स्टेशन की स्थापना की दिशा में आगे बढ़ा रहा है। ग्रुप कैप्टन शुक्ला का सफल मिशन इसरो, वायु सेना और अन्य राष्ट्रीय हितधारकों के बीच तालमेल का शानदार उदाहरण है।

