
भोपाल। मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर ग्रीष्मकालीन मूंग उपार्जन के लिए प्रदेश का लक्ष्य बढ़ाने का आग्रह किया है।
पत्र में कंसाना ने कहा है कि राज्य सरकार ने 14 मई और 3 जुलाई 2026 को भारत सरकार को 8.06 लाख मीट्रिक टन ग्रीष्मकालीन मूंग उपार्जन का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन केंद्र सरकार ने प्रदेश को 4.54 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य स्वीकृत किया है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश के किसानों की ओर से केंद्रीय मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
कृषि मंत्री ने पत्र में उल्लेख किया है कि इस वर्ष प्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग का रकबा लगभग 14.30 लाख हेक्टेयर है तथा अनुमानित उत्पादन 20.16 लाख मीट्रिक टन रहने की संभावना है। पिछले वर्षों के अनुभव और इस वर्ष के उत्पादन को देखते हुए प्रदेश में करीब 8 लाख मीट्रिक टन मूंग उपार्जन होने का अनुमान है।
उन्होंने लिखा है कि गत वर्ष केंद्र से 4.19 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य मिलने के बावजूद प्रदेश में 7.72 लाख मीट्रिक टन मूंग का उपार्जन किया गया था। वहीं इस वर्ष अब तक पंजीकृत 3.47 लाख किसानों में से केवल 82 हजार किसानों ने ही समर्थन मूल्य पर मूंग की बिक्री की है।
पत्र में कंसाना ने कहा है कि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का अधिकतम लाभ दिलाने तथा भविष्य में दलहन उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित लक्ष्य में संशोधन करते हुए मध्य प्रदेश का मूंग उपार्जन लक्ष्य बढ़ाकर 8.06 लाख मीट्रिक टन, यानी प्रदेश के कुल संभावित उत्पादन का 40 प्रतिशत किया जाए।
