जबलपुर:घमापुर थाना अंतर्गत एक 17 वर्षीय किशोरी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने जांच के बाद आरोपी युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। जांच में यह बात सामने आई कि मृतिका और आरोपी के बीच में प्रेम संबंध थे। युवक ने शादी से इन्कार कर दिया था प्रेमी से मिले धोखे के चलते मृतिका ने यह आत्मघाती कदम उठाया था।
विदित हो कि 17 दिसंबर 2025 को घमापुर निवासी 23 वर्षीय युवक ने सूचना दी थी कि उसकी छोटी बहन ने घर के अंदर फांसी लगा आत्महत्या कर है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया था। इस मामले में पुलिस जांच के तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी हर्ष उर्फ मोंटू सकतेल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विस्तृत विवेचना कर रही है।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती-
मर्ग के दौरान पुलिस ने मृतिका के परिजनों के बयान दर्ज किए तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। परिजनों ने बताया कि किशोरी की दोस्ती इंस्टाग्राम के माध्यम से हर्ष उर्फ मोंटू सकतेल (19) से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी और हर्ष ने किशोरी से शादी का वादा किया था। दोनों एक ही जाति के होने के कारण परिजन भी शादी के लिए राजी भी थे।
प्रेमी वादे से मुकरा तो तनाव और व्यथा में थी-
जांच में सामने आया कि 16 दिसंबर की शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक दोनों के बीच बातचीत हुई, जिसमें हर्ष उर्फ मोंटू ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। शादी से मना किए जाने के कारण किशोरी मानसिक तनाव और व्यथा में थी। इसी से दुखी होकर 17 दिसंबर की सुबह लगभग 9 बजे उसने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी।
