मतदाता सूची पर राहुल गांधी के आरोपों की जांच का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा

नई दिल्ली, 20 अगस्त (वार्ता) उच्चतम न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर कर बेंगलुरु मध्य निर्वाचन क्षेत्र में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में गड़बड़ी की जांच एक पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता वाले एक विशेष जाच दल (एसआईटी) से कराने की गुहार लगाई गई है।

अधिवक्ता रोहित पांडे की ओर से अधिवक्ता कौसर रज़ा फ़रीदी के माध्यम से दायर की इस याचिका में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आरोपों की जांच की मांग की गई है।

याचिका में कहा गया है कि श्री गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान बेंगलुरु मध्य निर्वाचन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में हेराफेरी के आरोप लगाए थे। ये आरोप उन्होंने सात अगस्त को एक प्रेस कांफ्रेंस में लगाए थे।

याचिका में यह और भी निर्देश देने की गुहार लगाई गई है कि अदालत के निर्देशों का पालन होने और मतदाता सूचियों का स्वतंत्र ऑडिट पूरा होने तक मतदाता सूचियों में कोई और संशोधन या अंतिम रूप न दिया जाए।

याचिकाकर्ता ने मतदाता सूचियों की तैयारी, रखरखाव, पारदर्शिता, जवाबदेही और सत्यनिष्ठा सुनिश्चित करने के लिए भारत के चुनाव आयोग के लिए बाध्यकारी दिशानिर्देश जारी करने की भी माँग की है। दिशानिर्देश में डुप्लिकेट या फर्जी प्रविष्टियों का पता लगाने और उनकी रोकथाम के लिए एक तंत्र शामिल करने का अनुरोध किया गया है।

याचिका में चुनाव आयोग को सार्थक सत्यापन, ऑडिट और सार्वजनिक जांच को सक्षम बनाने के लिए मतदाता सूचियों को सुलभ बनाने का निर्देश देने की भी माँग की गई है।

 

Next Post

महाराष्ट्र से संबद्ध सभी राजनीतिक दल राधाकृष्णन का समर्थन करें: आठवले

Wed Aug 20 , 2025
नयी दिल्ली, 20 अगस्त (वार्ता) रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के अध्यक्ष तथा सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने कहा है कि श्री सी.पी. राधाकृष्णन महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं इसलिए महाराष्ट्र से संबद्ध सभी राजनीतिक दलों को उपराष्ट्रपति पद के लिए उनका समर्थन करने की अपील है। श्री […]

You May Like