भोपाल रेल मंडल में रेलवे बोर्ड सदस्य का संरक्षा केंद्रित निरीक्षण

भोपाल। रेलवे बोर्ड के सदस्य नवीन गुलाटी ने मंगलवार को भोपाल मंडल के रानी कमलापति–बुधनी रेलखंड का तकनीकी निरीक्षण किया. यह निरीक्षण पूरी तरह संरक्षा केंद्रित रहा, जिसमें ट्रैक की संरचना, ढलान, मोड़, सुरंगों, पुलों और अन्य संवेदनशील स्थानों का गहन परीक्षण किया गया.

निरीक्षण के दौरान गुलाटी ने ट्रैक ज्योमेट्री, वेल्डिंग की गुणवत्ता, स्लीपर की स्थिति, बैलास्ट की गहराई एवं जल निकासी प्रणाली पर विशेष ध्यान दिया. उन्होंने अधिकारियों से मौजूदा रिपोर्ट ली और सुधारात्मक उपायों पर चर्चा की. पश्चिम मध्य रेलवे व मंडल स्तर के वरिष्ठ इंजीनियरिंग अधिकारियों के साथ उन्होंने ट्रैक अनुरक्षण की कार्यप्रणाली, सुरक्षा निरीक्षण की आवृत्ति और नवीनतम तकनीकों के उपयोग पर विचार-विमर्श किया.

इसके साथ ही गुलाटी ने भोपाल स्थित क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण कर स्मार्ट क्लासरूम, प्रयोगशालाओं और फील्ड ट्रेनिंग की व्यवस्थाओं को परखा तथा डिजिटल लर्निंग और हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए. उन्होंने रानी कमलापति स्टेशन का भी दौरा कर परिचालन व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की.

अंत में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में समीक्षा बैठक हुई, जहां उन्होंने संरक्षा व परिचालन दक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और शीघ्र सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए.

Next Post

शाह ने आपदाओं की समय पूर्व चेतावानी वाली ‘सचेत ऐप’ के प्रचार-प्रसार पर बल दिया

Tue Aug 19 , 2025
नयी दिल्ली 19 अगस्त (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आपदाओं की समय पूर्व चेतावानी देने वाली ‘सचेत ऐप’ के अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार पर बल दिया है। श्री शाह ने मंगलवार को यहां ‘आपदा प्रबंधन एवं क्षमता निर्माण’ पर गृह मंत्रालय की संसदीय परामर्शदात्री समिति की बैठक की […]

You May Like

मनोरंजन