
जबलपुर। मंगलवार को सुबह से सूरज ने दर्शन दिए, दिनभर सूर्यदेव तमतमाये रहे। दिन में गर्मी का भी अहसास हुआ, हालांकि शाम ढलते ही मौसम ने करवट बदली और साढ़े सात बजे के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश से शहर की सडक़े तरबतर हो गई। मानसून सीजन मेंं बारिश का आकड़ा 855.2 मिमी पर पहुंच गया है। सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से चौबीस घंटे मेंं गरज चमक के साथ बारिश होने की मौसम विभाग ने चेतावनी जारी कर दी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। सुबह के वक्त आद्रता 78 और शाम को 68 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पूर्वी हवाएं पांच से छह किमी की रफ्तार से चली। मौसम विभाग की माने तो मानसून ट्रफ वर्तमान में, दीव, सूरत, नंदुरबार, अमरावती, दक्षिण आंतरिक ओडिशा पर डिप्रेशन के केंद्र से होकर पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर विस्तृत है। एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण पूर्वोत्तर अरब सागर और संलग्न गुजरात पर माध्य समुद्र तल से 5.8 और 7.6 किमी की ऊंचाई के मध्य सक्रिय है इसके अलावा अन्य मौसम प्रणालियां सक्रिय है।
