यू.पी. योद्धाज ने पेश की नई योद्धा-थीम आधारित जर्सी

मुंबई, 19 अगस्त (वार्ता) जीएमआर स्पोर्ट्स के स्वामित्व वाली यू.पी. योद्धाज ने मुंबई में एक विशेष कार्यक्रम में हीरो फिनकॉर्प को अपने प्रिंसिपल स्पॉन्सर के रूप में शामिल करते हुए आगामी प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) सीजन 12 के लिए अपनी नई आधिकारिक जर्सी का अनावरण किया।

नई जर्सी टीम के अटूट जज्बे और लड़ाकू भावना को दर्शाती है। इसमें जीएमआर स्पोर्ट्स के सिग्नेचर नीले और लाल रंगों का उपयोग किया गया है, साथ ही तीर-प्रेरित डिजाइन दिया गया है, जो सटीकता, एकाग्रता और अजेय गति का प्रतीक है। इसका हर पहलू टीम की दृढ़ सोच और विजयी मानसिकता को दर्शाता है।

हीरो फिनकॉर्प का प्रिंसिपल स्पॉन्सर के रूप में जुड़ना, योद्धाज की ब्रांड मौजूदगी और प्रशंसकों से जुड़ाव को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। संगठन का गतिशील दृष्टिकोण टीम की उत्कृष्टता की खोज से पूरी तरह मेल खाता है, जिससे यह साझेदारी और भी सार्थक बनती है।

जीएमआर स्पोर्ट्स के सीईओ सत्यम त्रिवेदी ने कहा, “हम हीरो फिनकॉर्प को अपने प्रिंसिपल स्पॉन्सर के रूप में शामिल करते हुए बेहद उत्साहित हैं। हमारा साझा दृष्टिकोण और ऊर्जा इस पीकेएल सीजन के लिए हमारी आकांक्षाओं से मेल खाता है। साथ मिलकर हम अपने प्रशंसकों को मैदान के अंदर और बाहर कई यादगार पल देना चाहते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “हम पीकेएल सीजन 12 के लिए यू.पी. योद्धाज की जर्सी का अनावरण करते हुए गर्व महसूस कर रहे हैं। यह डिजाइन हमारी टीम की सटीकता, एकाग्रता, दृढ़ता और जीत की भावना को दर्शाता है, जो इस साल की जर्सी की थीम को भी प्रेरित करता है।”

यू.पी. योद्धाज की टीम नई जर्सी पहनकर 30 अगस्त को राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम, विशाखापट्टनम में तेलुगू टाइटन्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। नई पहचान, नई ऊर्जा और मजबूत साझेदारियों के साथ टीम पीकेएल सीजन 12 में अपने खेल और शैली-दोनों से ही छाप छोड़ने के लिए तैयार है।

पीकेएल 12 के लिए यू.पी. योद्धाज टीम

रेडर्स: सुरेंद्र गिल, भवानी राजपूत, गुमान सिंह, गगन गौड़ा, शिवम चौधरी, डोंग ग्योन ली, प्रणय राणे, जतिन सिंह, केशव कुमार।

डिफेंडर्स: सुमित सांगवान (कप्तान), आशु सिंह (उप-कप्तान), सहुल कुमार, महेंद्र सिंह, मोहम्मदरेज़ा कबूदरहांगी, हितेश कादियान, गंगाराम, जयेश महाजन, सचिन मणिपाल, रोनक नैण।

 

Next Post

हरमनप्रीत का लक्ष्य घरेलू धरती पर पहला विश्व कप जीतना

Tue Aug 19 , 2025
मुंबई, 19 अगस्त (वार्ता) हरमनप्रीत कौर अपने पांचवें आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप के लिए तैयार हैं और अगले कुछ महीनों का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं जो उनके और उनकी टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। हरमनप्रीत ने कहा, ”व्यक्तिगत रूप से, यह टूर्नामेंट मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण […]

You May Like