ग्वालियर: ग्वालियर-चंबल अंचल के सबसे बड़े जयारोग्य अस्पताल परिसर में मौजूद सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में एक बार फिर फॉल सीलिंग गिर गई है जिसमें एक बच्ची को चोट आई। यह फॉल सीलिंग अस्पताल के टोकन काउंटर के ऊपर से गिरी है। जिस समय यह गिरी उस वक्त सैकड़ों की संख्या में मरीज़ और उनके अटेंडर मौजूद थे, जिसके चलते वे घबरा गए। आनन-फानन में अस्पताल प्रबंधन ने फॉल सीलिंग का मटेरियल उठाकर फेंका है।
यह कोई पहली बार नहीं है बल्कि दसवीं मर्तबा यह फॉल सीलिंग गिरी है। दरअसल, ग्वालियर का सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल 6 सालों में ही सुपर फ्लॉप हो गया है। साल 2018 में 164 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ यह सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल अब मरीज़ों से लेकर स्टाफ तक सभी को डरा रहा है। इसका कारण है यहां आए दिन वार्ड में फॉल्स सीलिंग का गिरना। इतना ही नहीं, अस्पताल में लगाई गई लिफ्ट भी अब खराब हो चुकी हैं। बीस दिन में चार जगहों की फॉल्स सीलिंग टूटकर गिर चुकी है।
