शिवपुरी: कृषि उपज मंडी समिति बैराड़ में लंबे समय से चले आ रहे भ्रष्टाचार, फर्जीवाड़े और गंभीर अनियमितताओं के मामलों में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड भोपाल के आदेश पर मंडी निरीक्षक एवं प्रभारी सचिव रामकुमार शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोहरी की जांच रिपोर्ट,संयुक्त संचालक कृषि विपणन बोर्ड ग्वालियर द्वारा भेजे गए प्रतिवेदनों तथा जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों की लगातार शिकायतों के आधार पर की गई है।
निलंबन की कार्रवाई से न केवल कृषि उपज मंडी समिति बैराड़ बल्कि जिले की अन्य मंडी समितियों में भी हड़कंप की स्थिति बन गई है। जांच में यह सामने आया कि कृषि उपज मंडी समिति बैराड़ में मुख्य सड़क मार्ग से लगी 40 दुकानों (शेडी शॉप) के आवंटन से जुड़े प्रस्तावों में गंभीर अनियमितताएं की गईं। आरोप है कि तत्कालीन भारसाधक अधिकारी के कूटरचित व फर्जी हस्ताक्षर कर प्रस्ताव पारित कराए गए और नियमों को ताक पर रखकर नीलामी प्रक्रिया को प्रभावित किया गया।
आंचलिक कार्यालय संयुक्त संचालक, मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड ग्वालियर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, रामकुमार शर्मा के निलंबन के बाद प्रशासनिक कार्य सुचारु रखने के उद्देश्य से शिवशंकर शर्मा, वरिष्ठ उप निरीक्षक कृषि उपज मंडी समिति शिवपुरी को अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ कृषि उपज मंडी समिति बैराड़ एवं शिवपुरी के सचिव पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
