
नीमच। जिले के चीताखेड़ा में बुधवार को हुई जिस लूट ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी, पुलिस ने उसका खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि लूट की कोई वारदात हुई ही नहीं थी, बल्कि महिला ने घर में हुई गहनों की कमी को छिपाने के लिए यह झूठी कहानी रची थी। महिला ने पुलिस को सूचना दी थी कि दो युवक और एक बुजुर्ग महिला मोटरसाइकिल से मरीज बनकर उसके घर में घुसे और फिर रिवॉल्वर की नोक पर सोने-चांदी के जेवर और नकदी लूटकर भाग गए।
दिनदहाड़े लूट की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया और जीरन थाना प्रभारी सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालांकि, जब पुलिस ने महिला से बारीकी से पूछताछ की, तो उसके बयान बार-बार बदलने लगे, जिससे पुलिस का शक गहरा गया।
पति के डर से गढ़ी साजिश
सख्ती से पूछताछ करने पर महिला ने सारा सच उगल दिया। उसने बताया कि पिछले दो-तीन सालों के दौरान उसने घर के पुराने जेवर गांव के ही एक सुनार को बेच दिए थे। अब जब घर में गहने नहीं होने की बात सामने आने लगी, तो पति की डांट और गुस्से से बचने के लिए उसने लूट का नाटक रचा।
पति ने बताया कि उसकी पत्नी की 2020 से मानसिक बीमारी का इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने मीडिया और प्रशासन को गुमराह करने के लिए यह काल्पनिक कहानी गढ़ी थी। अब पुलिस इस मामले में कानूनी कार्रवाई कर रही है।
