
ग्वालियर। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि चुनाव आयोग की आज की पत्रकारवार्ता ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष बार-बार पारदर्शिता और निष्पक्षता की माँग करता रहा है, लेकिन आयोग लगातार टालमटोल और भाजपा के पक्ष में खड़े होने का काम कर रहा है।जब नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मतदान केंद्रों के फुटेज सार्वजनिक करने की माँग की, तो चुनाव आयोग ने इसे महिलाओं की निजता से जोड़कर क्यों टाल दिया? यदि यह निजता का उल्लंघन है, तो आयोग ने सर्वप्रथम वीडियो रिकॉर्डिंग क्यों कराई?
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में विपक्ष द्वारा मांगे गए 40 लाख से अधिक वोटरों की सूची अब तक क्यों नहीं दी गई? बिहार में एसआरआई के माध्यम से 65 लाख वोट काटने की पूरी सूची जनता के सामने क्यों नहीं रखी गई? कर्नाटक की महादेवपुरा सीट पर एक लाख फर्जी मतदाता होने का खुलासा राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया, उसकी सफाई चुनाव आयोग क्यों नहीं दे रहा? क्या यह सब भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से लोकतंत्र की हत्या का सबूत नहीं है? शर्मा ने कहा कि यह साफ हो चुका है कि चुनाव आयोग पारदर्शिता और जवाबदेही से भाग रहा है। महाराष्ट्र में वोटरों की सूची रोकी गई, बिहार में 65 लाख वोट काटे गए और उसकी जानकारी छिपाई गई, कर्नाटक की महादेवपुरा सीट पर फर्जी वोटर उजागर हुए लेकिन आयोग चुप्पी साधे है। यह रवैया दर्शाता है कि आयोग भाजपा के साथ मिलकर लोकतंत्र से खिलवाड़ कर रहा है। कांग्रेस पार्टी इन सवालों का जवाब मांगती है और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करेगी।
