
सीहोर. जिला मुख्यालय के समीपस्थ इछावर तहसील मुख्यालय रविवार को पूरी तरह बंद नजर आया. लव जिहाद के विरोध में किए गए नगर बंद के आव्हान पर दुकानेंं शत- प्रतिशत बंद रहीं. इस दौरान उत्तेजित भीड़ ने लव जिहाद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपी के घर और संस्थान पर बुलडोजर चलाने की पुरजोर मांग भी की.
गौरतलब है कि हाल ही में जिला मुख्यालय स्थित नदी चौराहे पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा एक युवक व युवती को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था. उनका आरोप था कि उक्त मुस्लिम युवक हिंदू नाम रखकर युवती को भ्रमित कर उसका शोषण कर रहा था. जांच के दौरान आरोपी मोहसिन भोपाल के निशातपुरा निवासी पाया गया और उसकी रिश्तेदारी इछावर तहसील मुख्यालय पर भी पाई गई है. पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान युवती ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जिस पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था.
इस मामले की जानकारी मिलने के बाद से ही इछावर नगर में लव जिहाद को लेकर आक्रोश का माहौल बना हुआ था. हिंदू संगठनों द्वारा रविवार को नगर बंद का आव्हान किया गया था. एक दिन पहले हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नगर में घूमते हुए नागरिकों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की गई थी. रविवार को बंद का आव्हान देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था. सुबह से ही दुकानों के शटर पूरी तरह बंद थे और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता नगर में भ्रमण कर लव जिहाद के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे. सैकड़ों लोगों की भीड़ रैली की शक्ल में नगर भ्रमण करने के बाद तहसील कार्यालय पहुंची जहां प्रशासन से लव जिहाद के आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई. प्रशासनिक अधिकारियों ने ठोस कार्रवाई करने का आश्वासन दिया लेकिन सकल हिन्दू समाज के लोग तहसील में ही प्रदर्शन करते हुए बैठ गए थे. उनकी मांग की थी कि आरोपी के मकान और संस्थान पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई को अंजाम दिया जाए.
हालांकि प्रशासन के इस आश्वासन से हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता असंतुष्ट नजर आए. उनका कहना था कि जब जिहादी नोटिस देकर हमारी बहनों को नहीं फंसाते हैं तो उनका अतिक्रमण तोडऩे में नोटिस देने की रस्म अदायगी क्यों की जा रही है. इस अवसर पर जिला मुख्यालय से हिंदू संगठन के नेता जगदीश कुशवाह, खंड कारवाह प्रतिपाल ठाकुर एवं हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष ललित वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे. हिंदू संगठनों के तेवरों को देखते हुए प्रशासन द्वारा शाम को ही आरोपी की दुकान का ताला तोड़कर खाली कराई गई गई. इसके अलावा उसके मकान की भी नपती की जा रही है ताकि अवैध अतिक्रमण को तोड़ा जा सके. समाचार लिखे जाने तक लोगों की भीड़ मौजूद थी.
लव जिहाद के आरोपी की दुकान का अतिक्रमण हटाया
मामले में एसडीएम जमील खान ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि अभी फिलहाल आरोपी द्वारा नगर परिषद की दुकान पर जो अवैध कब्जा किया है उसे हटवाया जा रहा है. उसका मंडी में जो लायसेंस है उसको भी निरस्त करवा रहे हैं. बाकी घर का अतिक्रमण तोडऩे की कार्रवाई भी शीघ्र की जाएगी. शाम को प्रशासन का अमला आरोपी की दुकान पर पहुंचा. वहां का सारा सामान हटाने के बाद दुकान का अवैध टीनशेड तोडऩे की कार्रवाई को अंजाम दिया गया.
