
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- ‘घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए लगाया जाएगा टैरिफ’, शुरुआती दरें होंगी कम।
नई दिल्ली, 16 अगस्त (वार्ता): अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सेमीकंडक्टर चिप्स और स्टील पर नए टैरिफ लगाने की घोषणा की है। इस कदम से भारत सहित दुनिया भर से आयात होने वाले मोबाइल, कार, टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामानों की कीमतें बढ़ सकती हैं। ट्रंप ने कहा कि इस फैसले का मकसद अमेरिकी कंपनियों को देश के भीतर ही उत्पादन करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
ट्रंप ने कहा कि शुरुआत में टैरिफ की दरें कम होंगी, ताकि कंपनियों को अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने का समय मिल सके। हालांकि, बाद में ये दरें काफी बढ़ा दी जाएंगी। ट्रंप के इस ऐलान से पहले ही अमेरिका ने कई देशों से आने वाले स्टील और एल्युमिनियम पर 50% तक टैरिफ लगाया हुआ है।
