खिलचीपुर। खिलचीपुर में पंचायत सुलझाने की बजाय झगड़े में बदल गई. मामला नहारदा हनुमान मंदिर के बाहर कल दोपहर करीब 1 बजे का है. इस दौरान दो गांवों के लोग आपस में भिड़ गए और मारपीट हो गई. मारपीट में एक व्यक्ति घायल हो गया उसके सिर में 12 टांके आए हैं. विवाद की शुरुआत तीन दिन पहले हुई थी, जब राजपुरा गांव के सरपंच मांगीलाल, सालरी गांव के अर्जुन के बाबे पर गए थे. वहां खाट पर बैठने को लेकर पुराने विवाद की बात आई और अर्जुन ने उन्हें बैठने से मना कर दिया। इससे नाराज होकर मांगीलाल ने सालरी गांव के पटेल प्रेमसिंह सौंधिया को पत्र भेजा और पांच पंचों के साथ दो दिन में विवाद सुलझाने की मांग की. बुधवार को पंचायत बुलाई गई, जिसमें दोनों गांवों के 20-25 लोग आए, आरोप है कि बैठक के दौरान मांगीलाल ने अर्जुन को थप्पड़ मारने की बात कही, जिस पर सालरी गांव के चंदर सिंह ने विरोध किया. बात बड़ी और दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई. इस झगड़े में चंदर सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई. चंदर सिंह का आरोप है कि सरपंच मांगीलाल ने पीछे से पत्थर मारकर उन्हें घायल कर दिया. मामले में खिलचीपुर थाना प्रभारी जितेंद्र मावई ने कहा कि दो पक्षों में विवाद हुआ है एक व्यक्ति के सिर में 12 टांके आए मामला दर्ज कर लिया गया है.
पंचायत में सुलझने के बजाय बढ़ गया विवाद, मामला थाने पहुंचा
