खरगोरानी में तीन माह से राशन नहीं, ग्रामीणों का हंगामा

शाहगढ़। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत खरगोरानी के सैकड़ों उपभोक्ताओं ने तीन माह से राशन न मिलने पर ट्रैक्टरों से तहसील कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अनुविभागीय अधिकारी और तहसीलदार की गैरमौजूदगी में ग्रामीण करीब तीन घंटे तक मुख्य गेट पर बैठकर राशन दिलाने की मांग करते रहे और नारेबाजी की।

एसडीएम के पहुंचने पर ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर राशन दुकान संचालक तुलसीराम तिवारी पर मनमानी, अभद्रता और पीओएस मशीन से राशन निकालने के बाद वितरण से इंकार करने के आरोप लगाए। उनका कहना था कि खरगोरानी के नाम से संचालित राशन दुकान को बराज में स्थानांतरित कर मनमाने तरीके से घटिया राशन ऊंचे दामों में बेचा जा रहा है।

ग्रामीणों ने मांग की कि तीन माह का बकाया राशन तत्काल दिया जाए और दुकान को पुनः खरगोरानी में संचालित किया जाए। वहीं संचालक तुलसीराम तिवारी ने दावा किया कि मई और जून का राशन 26 जून को दिया जा चुका है और जुलाई-अगस्त का वितरण जारी था, लेकिन ग्रामीण दुकान को वापस गांव में खोलने की जिद पर अड़े हुए हैं।

 

Next Post

पीएचडी प्रवेश परीक्षा: अनियमितताओं को लेकर दो पक्षों में विवाद

Sat Aug 16 , 2025
अनूपपुर: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक में स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश परीक्षा कथित अनियमितताओं को लेकर विवाद गहरा गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद 14 अगस्त से धरना-प्रदर्शन कर रही है। वहीं 15 अगस्त को नए पीएचडी छात्रों और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच […]

You May Like