
इंदौर. 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार स्कीम नं. 78 में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया. लसूडिया थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी से शुरू हुई यह यात्रा नई सड़क, बाबड़ी हनुमान मंदिर, जैन मंदिर और अटल खेल परिसर होते हुए पुनः पुलिस चौकी पर समाप्त हुई. यात्रा के दौरान पुलिस अधिकारी, जवान और स्थानीय नागरिक एक साथ तिरंगा लहराते हुए देशभक्ति के नारे लगाते नजर आए.
कार्यक्रम का शुभारंभ लसूडिया थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने पुलिस चौकी पर ध्वजारोहण कर किया. इसके बाद पूरे जोश और उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई. इस मौके पर उप निरीक्षक सोमनाथ मौर्य, उप निरीक्षक निधि मित्तल, सहायक उप निरीक्षक भोलासिंह परिहार, सुनील यादव, प्रवेश सिंह, सत्यनारायण पटेल सहित थाना का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे. देशभक्ति गीतों और नारों से माहौल गूंज उठा. यात्रा के अंत में सभी ने एकजुट होकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया और देश की एकता-अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया.
