रायपुर में जल्द शुरू होगी पुलिस आयुक्त प्रणाली : साय

रायपुर, 15 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस को एलान किया कि राजधानी रायपुर में जल्द ही पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू की जाएगी।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुलिस ग्राउंड में भव्य समारोह का आयोजन किया गया जिसमें श्री साय ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और मार्चपास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के नाम संदेश में रायपुर में जल्द ही पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू करने की घोषणा की।

श्री साय ने कहा कि पुलिस कमिश्नर राजधानी की कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। कार्यक्रम के दौरान 34 पुलिस जवानों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। मार्चपास्ट में 792 जवान और एनसीसी कैडेट शामिल हुए, साथ ही अश्वरोही दल ने करतब दिखाए और स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर रजत महोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मार्च 2026 तक माओवादी आतंक से मुक्त करने की दिशा में काम जारी है। नियद नेल्लानार योजना से 327 गांवों में बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं जबकि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 11,728 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है।

श्री साय ने नवा रायपुर में 100 करोड़ की लागत से एजुकेशन सिटी बनाने, ई-ऑफिस प्रणाली लागू करने, ऑनलाइन रजिस्ट्री की सुविधा सुनिश्चित करने और 441 करोड़ की लागत से स्वास्थ्य केंद्रों को बेहतर बनाने की घोषणाएं भी कीं।

उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करते हुए नागरिकों से अपील की कि स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना देशभक्ति का कार्य समझें और हर क्षेत्र में निर्भरता से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ें।

 

Next Post

मोदी ने युवाओं को दी स्वदेशी सोशल मीडिया, आईटी प्लेटफॉर्म बनाने की चुनौती

Fri Aug 15 , 2025
नयी दिल्ली, 15 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को लाल किले की प्राचीर से स्वदेशी सोशल मीडिया, ऑपरेटिंग सिस्टम तथा सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के अन्य प्लेटफॉर्म विकसित करने के लिए देश के युवाओं का आह्वान किया। स्वतंत्रता की 78वीं वर्षगाँठ पर राष्ट्र को संबोधित करते हुये श्री मोदी […]

You May Like