भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में 15 अगस्त को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को 79वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल, विभा पटेल, प्रवीण सक्सेना सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पटवारी ने अपने संदेश में कहा कि आज़ादी सिर्फ़ एक तारीख़ नहीं, बल्कि विचार और मूल्यों की यात्रा है। कांग्रेस की विचारधारा ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और संविधान के सिद्धांतों पर आधारित है, जिसने देश को एकता, भाईचारा और शांति की दिशा दी है। उन्होंने महात्मा गांधी, नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के बलिदानों को याद किया।
पटवारी ने बेरोजगारी, नशे, भ्रष्टाचार, महंगाई और असमानता जैसी चुनौतियों पर चिंता जताई और भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने मोहब्बत और भाईचारे का संदेश दिया है। पटवारी ने संकल्प लिया कि 2028 में प्रदेश को भ्रष्टाचारमुक्त और न्यायपूर्ण बनाया जाएगा।
