मुंबई, 15 अगस्त (वार्ता) महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के लिए मौसम विभाग ने शुक्रवार को मध्यम से भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है।
मुंबई शहर और उसके उपनगरों में आमतौर पर बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में तेज़ बारिश होने का अनुमान है। ठाणे, नवी मुंबई और पालघर में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है।
इसके अलावा मौसम विभाग ने 15 से 18 अगस्त के बीच भारी बारिश होने की चेतावनी भी दी है, जिससे शहर में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है। शुक्रवार के बाद से, विशेष रूप से कोंकण और पश्चिमी महाराष्ट्र क्षेत्रों में बारिश में तेजी आ सकती है।
मुंबई में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा। भारी बारिश और उच्च ज्वार के कारण निचले इलाकों, खासकर शहर के तटीय इलाकों में जलभराव हो सकता है।
