छतरपुर। छतरपुर पुलिस लाइन स्थित महिला थाने में गुरुवार को ‘बाल मित्र कक्ष’ का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन डीआईजी ललित शाक्यवार और एसपी अगम जैन ने संयुक्त रूप से किया। इस विशेष कक्ष का उद्देश्य थाने में आने वाले बच्चों के लिए एक सुरक्षित, सहज और अनुकूल माहौल उपलब्ध कराना है। कक्ष में बच्चों के मनोरंजन और सुविधा के लिए खिलौने, किताबें, रंग भरने की सामग्री और आरामदायक बैठने की व्यवस्था की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बाल मित्र कक्ष के माध्यम से न सिर्फ बच्चों का भय दूर किया जाएगा, बल्कि उनकी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जाएगी। उद्घाटन अवसर पर महिला थाने के समस्त स्टाफ, पुलिस अधिकारी और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाल अधिकारों के संरक्षण और संवेदनशील मामलों में बच्चों के साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया।
“बाल मित्र कक्ष का उद्देश्य थाने में आने वाले बच्चों को डर और तनाव से मुक्त वातावरण देना है। यहां बच्चों के लिए खेल, पढ़ाई और आराम की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि वे सुरक्षित और सहज महसूस कर सकें। पुलिस का प्रयास है कि हर बच्चे के अधिकारों का सम्मान हो और उनकी सुरक्षा सर्वोपरि रहे।” — अगम जैन, एसपी छतरपुर
