कुवैत सिटी,14 अगस्त (वार्ता) कुवैत में बुधवार को स्थानीय स्तर पर बनायी गयी शराब पीने से 13 लोगों की मौत हो गयी।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शनिवार से अब तक मेथनॉल युक्त जहरीली शराब के काफी मामले सामने आये हैं।
मंत्रालय ने बताया कि इन मामलों में लक्षणों की गंभीरता अलग-अलग थी और कईं मरीजों को गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती करना पड़ा और 31 लोगाें को वेंटिलेटर पर रखा गया। जहरीली शराब के सेवन से 51 मामलों में तत्काल किडनी डायलिसिस की आवश्यकता पड़ी और 21 मामलों में स्थायी अंधापन या दृष्टि क्षीणता देखी गई।
बयान में कहा गया है कि इस घटना के कारण अब तक 13 मौतें हो चुकी हैं और प्रभावित सभी व्यक्ति एशियाई मूल के हैं।”
मंत्रालय ने बताया कि वह सभी मामलों पर लगातार बारीकी से नज़र रख रहा है और आवश्यक चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। जनता से जहरीली शराब के किसी किसी भी संदिग्ध मामले की तुरंत अस्पतालों या निर्धारित हेल्पलाइन पर सूचना देने का आग्रह किया गया है।
सुरक्षा प्रवक्ता ने कुवैत के अल-राय अखबार को बताया कि “मामलों पर नज़र रखने के लिए एक सुरक्षा दल का गठन किया गया है और उसने अपनी जांच में पाया है कि सभी पीड़ितों ने फरवानिया प्रांत के जलीब अल-शुयौख इलाके में कुछ एशियाई मूल के लोगों से स्थानीय स्तर पर बनाये गये मादक पेय खरीदे थे।”
रिपोर्ट के अनुसार, संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी के दौरान 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कुवैत में शराब प्रतिबंधित है और नशीले पदार्थों के आयात तथा आपूर्ति पर पूरी तरह रोक है। यदि कोई व्यक्ति व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए शराब का आयात या निर्माण करता है तो उसे कैद की सजा हो सकती है।
