
इंदौर। शहर में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने बुधवार को लोखंडे पुलिया के पास दबिश देकर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 7.270 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। बरामद माल की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई जा रही है।
क्राइम ब्रांच टीम को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति गांजा लेकर शहर में सप्लाई करने आ रहे हैं। टीम ने लोखंडे पुलिया के पास घेराबंदी की तो आरोपियों ने पुलिस वाहन देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम राजदीप मंसारे निवासी देवझिरी कालोनी, बड़वानी और सुनील सोलंकी निवासी वाक्या मोहल्ला, सेधवा, बड़वानी बताया। दोनों ने कबूल किया कि वे सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर इंदौर में नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचते हैं।
