पेंशनभोगियों के लिए शुरु होगा राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान

नयी दिल्ली, 13 अगस्त (वार्ता) पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग पेंशनभोगियों की पेंशन जारी रखने के लिए नवंबर में राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान संचालित करेगा जिसके तहत 1850 से अधिक जिलों, शहरों और कस्बों में शिविर लगाए जायेंगे।

पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग के सचिव वी. श्रीनिवास ने इस अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बुधवार को बताया कि इसके लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक अपने 1.8 लाख डाकियों और ग्रामीण डाक सेवकों के विशाल नेटवर्क के माध्यम से 1600 जिला तथा उप-मंडल डाकघरों में शिविर आयोजित करेगा। यह बैंक घर-घर जीवन प्रमाण पत्र देने की सेवायें भी प्रदान करता है।

उन्होंने बताया कि नवंबर, 2024 में 845 शहरों में पहली बार यह कार्यक्रम शुरु किया गया था और उस समय इस अभियान के तहत 1.62 करोड़ लोगों के जीवन प्रमाण पत्र जमा किए गए थे।

चेहरा प्रमाणीकरण तकनीक का उपयोग करके पेंशनभोगियों के डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए यह अब तक का सबसे बड़ा अभियान है जिसमें दो करोड़ प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए परिपूर्णता मॉडल अपनाया गया है।

श्री श्रीनिवास ने बताया कि विभाग ने गत 30 जुलाई के कार्यालय ज्ञापन के माध्यम से अभियान के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह अभियान, पेंशन संवितरण बैंकों, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, पेंशनभोगी कल्याण संघों, सीजीडीए, दूरसंचार विभाग, रेलवे, डीओपी, ईपीएफओ, यूआईडीएआई और इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सहयोग से देश के दूरदराज के कोनों में सभी पेंशनभोगियों तक पहुंचने के उद्देश्य से आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 19 पेंशन वितरण बैंक भी 315 शहरों में 900 से अधिक स्थानों पर शिविर आयोजित करेंगे। इसके अलावा 57 पेंशन कल्याण संघ पेंशनभोगियों को शिविरों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। दूरसंचार विभाग, रेल मंत्रालय, डाक विभाग, रक्षा मंत्रालय और ईपीएफओ जैसे संबंधित विभाग भी चिन्हित स्थानों पर शिविर आयोजित करेंगे।

Next Post

जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास गोलीबारी में सैनिक शहीद

Wed Aug 13 , 2025
श्रीनगर, 13 अगस्त (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में नियंत्रण रेखा के पास हुयी मुठभेड़ में एक जवान शहीद हो गया है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है। सूत्रों ने बताया कि उरी सेक्टर के चुरंडा इलाके में बुधवार तड़के लगभग साढ़े तीन बजे गोलीबारी हुई। इस मुठभेड़ में […]

You May Like