दिग्गज बंगाली अभिनेत्री बसंती चटर्जी का निधन

कोलकाता, 13 अगस्त (वार्ता) बंगाली सिनेमा, टेलीविजन और रंगमंच की जानी-मानी हस्ती, मशहूर अभिनेत्री बसंती चटर्जी का 12 अगस्त को कोलकाता स्थित उनके घर पर निधन हाे गया। वह 88 वर्ष की थी और काफी लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थी।

इससे पहले वह लम्बे समय तक अस्पताल में रही और इसके बाद उन्हें घर पर ही आईसीयू निगरानी में रखा गया था। उन्होंने अपना अंतिम समय घर पर ही देखभाल में बिताया।

पाँच दशकों से अधिक के करियर में सुश्री चटर्जी ने 100 से अधिक फिल्मों और कईं टेलीविजन धारावाहिकों में अभिनय किया। उन्होंने उत्तम कुमार, प्रसनजीत चटर्जी और रितुपर्णा सेनगुप्ता जैसे दिग्गजों के साथ काम किया और ‘थगिनी’, ‘मंजरी ओपेरा’ और ‘आलो’ जैसी फिल्मों में यादगार अभिनय किया।

टेलीविजन पर, वह ‘भूतु’, ‘बोरोन’ और ‘दुर्गा दुर्गेश्वरी’ जैसे लोकप्रिय शो से घर-घर में प्रसिद्ध हो गईं। स्क्रीन पर सफलता हासिल करने से पहले, वह एक निपुण थिएटर कलाकार थीं, जो अपने सशक्त मंचीय अभिनय के लिए जानी जाती थीं।

स्क्रीन पर उनकी आखिरी उपस्थिति धारावाहिक गीता एलएलबी में थी, जिसके दौरान वे गंभीर रूप से बीमार पड़ गईं, लेकिन अपने काम के प्रति समर्पित रहीं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे “कला और मनोरंजन जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति” बताया और उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

सुश्री बनर्जी ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर कहा, “दिग्गज टेलीविजन अभिनेत्री बसंती चट्टोपाध्याय के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। उनका निधन कला और मनोरंजन जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूँ।”

Next Post

रूसी सैनिक यूक्रेन में डोनेट्स्क तक पहुंचे

Wed Aug 13 , 2025
कीव, 13 अगस्त (वार्ता) रूसी सैनिकों ने यूक्रेन के पूर्वी डोनेट्स्क क्षेत्र के सुरक्षा घेरे को भेदते हुए वहां के कुछ हिस्सों में पैठ बना ली है। ऐसा माना जा रहा है कि रूस शुक्रवार को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रम्प के बीच अलास्का में होने […]

You May Like