टरूबा, 13 अगस्त (वार्ता) कप्तान शाई होप (नाबाद 120) की तूफानी पारी के बाद जेडेन सील्स (छह विकेट) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत वेस्टइंडीज ने तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में पाकिस्तान पर रिकार्ड 202 रनों से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर 34 साल के बाद एकदिवसीय श्रृंखला 2-1 से अपने नाम कर ली।
295 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही उसने तीसरे ओवर में मात्र आठ रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिये। सैम अयूब,अब्दुल्लाह शफीक और कप्तान मोहम्मद रिजवान को जेडेन सील्स को बिना खाता खोले ही पवेलियन भेज दिया। सील्स का अगला शिकार बाबर आजम (नौ) बने। आगा सलमान ने अपनी टीम के लिए सर्वाधिक 30 रनों की पारी खेली। उन्हें गुडाकेश मोती ने अपनी गेंद पर कैच आउट किया। हसन नवाज (13) और नसीम शाह छह रन बनाकर आउट हुये।
वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने पाकिस्तान की पूरी टीम को 29.2 ओवर में 92 के स्कोर पर समेट कर पाकिस्तान के खिलाफ 34 साल बाद एकदिवसीय श्रृंखला में 202 रनों से जीत दर्ज की। मोहम्मद नवाज 23 रन बनाकर नाबाद रहे।
वेस्टइंडीज की ओर से जेडेन सील्स ने 7.2 ओवर में 18 रन देकर छह विकेट लिये। पुरुष एकदिवसीय क्रिकेट के इतिहास में किसी वेस्टइंडीजी गेंदबाज द्वारा यह तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। गुडाकेश मोती को दो विकेट मिले। रॉस्टन चेज ने एक बल्लेबाज काे आउट किया।
इससे पहले त्रिनिदाद के ब्रायन लारा स्टेडियम में मंगलवार को खेले गये हुए निर्णायक मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने महज 10 रन के स्कोर पर ब्रैंडन किंग (पांच) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद केसी कार्टी और एविन लुइस की जोड़ी ने अभी दूसरे विकेट के लिए 47 रन जोड़े थे कि अबरार अहमद ने एविन लुइस (37) को अपना शिकार बना लिया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आये शाई होप ने केसी कार्टी के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। 20वें ओवर में अबरार ने केसी कार्टी (17) को पगबाधा कर वेस्टइंडीज को तीसरा झटका दिया। शरफेन रदरफोर्ड (15), रॉस्टन चेज (36) गुडाकेश मोती (पांच) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद जस्टिन ग्रीव्स और शाई होप ने आतिशी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट पर 294 रन का स्कोर खड़ा किया। जब 42वें ओवर में गुडाकेश मोती पांच रन बनाकर आउट हो तो उस समय टीम का स्कोर 184/6 हो गया, दोनों बल्लेबाजों के बीच सातवें विकेट के लिए 110 रनों की अविजित साझेदारी हुई। शाई होप ने 94 गेंदों में 10 चौके और पांच छक्के लगाते हुए (नाबाद 120) रनों की पारी खेली। जस्टिन ग्रीव्स 24 गेंदों में 43 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाये।
पाकिस्तान की ओर से नसीम शाह और अबरार अहमद ने दो-दो विकेट लिये। सैम अयूब और मोहम्मद नवाज ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

