मंडला: भारतीय जनता पार्टी जिला मंडला ने आज“हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत जिलेभर में भव्य तिरंगा यात्राएं निकालीं। ग्रामीण मंडलों में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गाँव-गाँव, गली-गली और मुख्य मार्गों पर तिरंगा लहराकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नर्मदा नदी में संगम घाट से निकली नौका तिरंगा यात्रा रही, जिसमें सजी-संवरी नौकाओं पर तिरंगा फहराते हुए शहीदों को नमन किया गया। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों की गूंज और किनारों से पुष्पवर्षा ने माहौल को भावुक कर दिया।
साल्हेडंडा से महाराजपुर, जामगांव से चिरईडोंगरी, टिकरी टोला से बम्हनी और अंजनिया से मुख्य मार्ग होते हुए कई मंडलों में तिरंगा रैली निकाली गई। ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने कहा, “हर घर तिरंगा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करने का प्रतीक है।” कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने कार्यकर्ताओं की एकता और जोश की सराहना की।सुबह से ही सोशल मीडिया पर तिरंगा यात्राओं के दृश्य वायरल होते रहे, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई तिरंगे के सम्मान में खड़ा दिखाई दिया।
