विदिशा: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज विदिशा से रायसेन तक तिरंगा यात्रा और स्वदेशी मार्च का नेतृत्व करेंगे। यह यात्रा दोपहर 2 बजे विदिशा के माधवगंज चौराहे से शुरू होकर रायसेन के महामाया चौक पर समाप्त होगी। लगभग 30 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में आसपास के गांवों के ग्रामीण, किसान और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल होंगी। किसान भाई ट्रैक्टर के साथ पहुंचेंगे, वहीं कई स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
शिवराज सिंह चौहान आमजन को स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर संवाद करेंगे। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस पर घरों पर झंडा फहराने की अपील भी की है। विदिशा में वे स्वयं सहायता समूह की बहनों के साथ रक्षाबंधन भी मनाएंगे।
