पाकिस्तान की आर्थिक बदहाली और घरेलू समस्याओं के बीच सेना प्रमुख की परमाणु धमकी, विशेषज्ञों ने बताया ‘सिर्फ ढोंग’।
इस्लामाबाद, 12 अगस्त (वार्ता): पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर द्वारा हाल ही में दी गई परमाणु धमकी को कई अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने पाकिस्तान की वास्तविक ताकत से ज्यादा उसका ढोंग बताया है। मुनीर ने भारत और इजराइल को ‘परमाणु हथियार वाले देश’ बताकर परोक्ष रूप से परमाणु हमले की धमकी दी थी। हालांकि, पाकिस्तान की मौजूदा आर्थिक बदहाली और राजनीतिक अस्थिरता को देखते हुए विश्लेषकों का मानना है कि यह बयान अपनी घरेलू समस्याओं से ध्यान भटकाने का एक प्रयास है।
पाकिस्तान अपनी अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) से बेलआउट पैकेज मांग रहा है, जबकि देश में महंगाई और बेरोजगारी अपने चरम पर है। ऐसे में, परमाणु हथियारों के रखरखाव और आधुनिकीकरण पर खर्च करना देश के लिए संभव नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि मुनीर का यह बयान पाकिस्तान की कमजोर स्थिति को छिपाने और दुनिया के सामने खुद को एक मजबूत शक्ति के रूप में पेश करने की एक रणनीति है।

