छतरपुर। छतरपुर शहर का गुरुनानक पार्क इस समय लापरवाही और बदइंतज़ामी की मार झेल रहा है। पार्क में कई जगह बारिश का पानी जमा है, घास लंबे समय से नहीं काटी गई और झूलों के पास बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें पानी भरा है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि बच्चों के खेलने की जगहें गंदगी और पानी से भरी पड़ी हैं।
स्थानीय निवासी ममता देवी का कहना है कि नगर पालिका ने महीनों से पार्क की देखरेख नहीं की, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। झूलों के आसपास बने गड्ढे किसी भी समय बच्चों के लिए हादसे का कारण बन सकते हैं।
लोगों ने मांग की है कि नगर पालिका तुरंत पार्क की सफाई कराए, पानी की निकासी की व्यवस्था करे और टूटे या खतरनाक हिस्सों की मरम्मत करवाए, ताकि बच्चे सुरक्षित माहौल में खेल सकें और इलाके में बीमारियों का खतरा कम हो।
