माॅस्को/येरेवान, 11 अगस्त (वार्ता) रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आर्मेनियाई प्रधानमंत्री निकोल पाशिनयान के साथ फोन पर बातचीत की और वाशिंगटन में उनके, अज़रबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच हुयी त्रिपक्षीय बैठक पर चर्चा की। क्रेमलिन ने सोमवार को यह जानकारी दी।
क्रेमलिन ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा, “निकोल पशिनयान ने आठ अगस्त को वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और अज़रबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव के साथ अपनी बैठक के परिणामों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।”
बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति पुतिन ने येरेवन और बाकू के बीच स्थायी शांति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाए जाने वाले कदमों के महत्व पर बल दिया और 2020-2022 के शीर्ष-स्तरीय त्रिपक्षीय घोषणाओं के अनुरूप, क्षेत्रीय परिवहन संपर्कों को खोलने सहित आर्मेनिया और अज़रबैजान के बीच संबंधों को व्यापक रूप से सामान्य करने में सहायता के लिए रूस की तत्परता की पुष्टि की।
श्री पुतिन ने श्री पशिनयान को अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के साथ अपनी बातचीत के मुख्य परिणामों एवं अलास्का में श्री ट्रम्प के साथ होने वाली बैठक की तैयारियों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि आर्मेनियाई प्रधानमंत्री ने यूक्रेन संकट का शांतिपूर्ण समाधान करने के उद्देश्य से उठाए गए कदमों का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने कथित रूप से कई मौजूदा द्विपक्षीय मामलों पर बातचीत की जिसमें व्यापार एवं निवेश सहयोग को और बढ़ाने के साथ-साथ यूरेशियन आर्थिक संघ में मिलकर काम करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
