वाशिंगटन 11 अगस्त (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘बेघर लोगों’ को राजधानी से बाहर निकालने की बात कही है। यह कदम उन्होंने सरकारी दक्षता विभाग के अधिकारी पर हमले के बाद संघीय सुरक्षा और कानून को मजबूत करने का हवाला देते हुए उठाया है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया ट्रुथ पर एक पोस्ट में कहा, “बेघरों तुम्हें तत्काल राजधानी से बाहर जाना होगा, हम तुम्हें रहने की जगह देंगे, लेकिन राजधानी से दूर।” उन्होंने कहा कि अपराधियों को कहीं जाने की जरूरत नहीं है। बहुत जल्द उन्हें जेल में ड़ाल दिया जाएगा। यह ठीक वैसे ही आसान होगा जैसे कि सीमा पर अवैध प्रवास को लाखों से घटाकर से शून्य कर दिया गया है।
ट्रंप ने वाशिंगटन की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि शहर गंदा और बदसूरत हो गया है। इसे जल्द ही फिर से महान और सुंदर बना दिया जाएगा। हर प्रकार की गंदगी और अपराध को खत्म कर इसे फिर से दुनिया की सबसे महान राजधानी बना दिया जाएगा।
ट्रंप ने पिछले सप्ताह वाशिंगटन को संघीय नियंत्रण में लाने की धमकी दी थी। एफबीआई की एक महिला प्रवक्ता ने सीबीएस न्यूज को बताया कि एफबीआई वाशिंगटन में संघीय कानून को लागू करने की दिशा में बढ़ रही है।
राष्ट्रपति बनने के बाद से ही ट्रंप वाशिंगटन जैसे शहरों से बेघर लोगों को हटाने की कोशिश कर रहे हैं। वाशिंगटन में बड़ी मात्रा में बेघर लोग रहते हैं। पिछले महीने एक कार्यकारी आदेश के माध्यम से ट्रंप ने न्याय विभाग से अपने पहले को निर्णय को पलटने के लिए कहा, जिसमें सरकार बिना सहमति के बेघर लोगों को सड़कों से नहीं हटा सकती।
