
भोपाल। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी उपभोक्तता हित में स्मार्ट मीटर की सुविधा के लाभ के बारे में जागरूकता चला रही है. सोमवार को विभागीय अधिकारियों ने इस पर खास जानकारी साझा की. प्रदेशभर में एक लाख 24 हजार 701 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को उनके मासिक विद्युत बिल में टाइम ऑफ डे छूट का लाभ प्रदान मिला है. सरकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से भोपाल में आयोजित कार्यशाला में जानकारी साझा की गई. कंपनी के महाप्रबंधक (स्मार्ट मीटरिंग सेल) सी.के.पवार, वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी मनोज द्विवेदी, उप महाप्रबंधक पूर्व शहर संभाग धनेन्द्र तिवारी, उप महाप्रबंधक उत्तर शहर संभाग अंकित पालीवाल, उप महाप्रबंधक दक्षिण शहर संभाग राकेश त्रिपाठी, उप महाप्रबंधक पश्चिम शहर संभाग एल.एन.पाटीदार सहित सैंकड़ों मीडियाकर्मी उपस्थित रहे.
कार्यशाला को संबोधित करते हुए बी.बी.एस. परिहार ने कहा कि स्मार्ट मीटर सभी के लिए फायदेमंद और उपभोक्ताओं के हित में हैं. इसलिए सभी को स्मार्ट मीटर लगाने में कंपनी का सहयोग करना चाहिए. कार्यशाला के दौरान उन्होंने अधिक से अधिक स्मार्ट मीटर लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करने की बात कही गई.
परिहार ने बताया कि शहर के लोगों में स्मार्ट मीटर को लेकर जो भ्रांतियां हैं, उन्हें दूर करना जरूरी है. उन्होंने बताया कि विद्युत स्मार्ट मीटर लगने के बाद परिसर में रीडिंग लेने आने की जरूरत नहीं होती है, ऑटोमेटिक सटीक रीडिंग होती है मानवीय हस्तक्षेप नहीं होने से गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं होती है. उपभोक्ता अपनी प्रतिदिन की विद्युत खपत स्मार्ट मीटर के माध्यम से देख सकता है. उन्होंने बताया कि दैनिक के साथ –साथ सप्ताहिक अथवा मासिक खपत आसानी से देखी जा सकती है, और बिजली की कितनी खपत हो रही है, अगले महीने उसका कितना बिल आ सकता है, उसका पूर्वानुमान भी आसानी से लगाया जा सकता है.
