एयर इंडिया 01 सितंबर से अस्थायी तौर पर बंद करेगी दिल्ली-वाशिंगटन उड़ान

नयी दिल्ली, 11 अगस्त (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने एक सितंबर से दिल्ली और वाशिंगटन के बीच अपनी उड़ानें रद्द करने की घोषणा की है।
एयरलाइंस ने सोमवार को बताया कि परिचालन संबंधी कारणों से उड़ानें निलंबित करने का फैसला किया गया है। इसके पीछे मुख्य कारण बोइंग 787-8 विमानों की रेट्रोफिटिंग के कारण बेड़े में विमानों की कमी है। इसके अलावा, भारतीय विमानों के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र का प्रतिबंधित होना भी एक कारण है, जिससे यात्रा में लगने वाला समय बढ़ गया है।
जिन यात्रियों ने एक सितंबर के बाद के लिए पहले से दिल्ली-वाशिंगटन मार्ग पर बुकिंग करायी है, उनसे संपर्क कर वैकल्पिक यात्रा प्रबंध का प्रयास किया जायेगा। उन्हें दूसरी उड़ानों में बुकिंग या पूरा पैसा वापस देने की पेशकश की जायेगी।
एयर इंडिया ने बताया कि अलास्का एयरलाइंस, यूनाइटेड एयरलाइंस और डेल्टा एयर लाइंस के साथ उसके समझौते के तहत अमेरिका के न्यूयॉर्क, नेवार्क, शिकागो और सैन फ्रांसिस्को के रास्ते वह वॉशिंगटन डीसी के लिए एक स्टॉपओवर के साथ उड़ान मुहैया करायेगी।
कंपनी ने बताया कि वह भारत से उत्तरी अमेरिका के छह गंतव्यों के लिए उड़ान सेवा जारी रखेगी। इन गंतव्यों में कनाडा के टोरंटो और वैंकूवर भी शामिल हैं।
इससे पहले कंपनी ने रविवार को बताया था कि उसके छब्बीस बी-787-8 विमानों की रेट्रोफिटिंग होनी है, जिसमें पहले विमान पर रेट्रोफिटिंग का काम शुरू हो गया है। दूसरा विमान अक्टूबर में रेट्रोफिटिंग के लिए जायेगा।

Next Post

शेयर बाजारों में लौटी तेजी, निफ्टी-50 फिर 24,500 से ऊपर

Mon Aug 11 , 2025
मुंबई, 11 अगस्त (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनोल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन की 15 अगस्त को प्रस्तावित बैठक की खबरों से सोमवार को भारतीय शेयर बाजारों में तेजी लौट आयी और प्रमुख सूचकांक लगभग एक प्रतिशत चढ़ गये। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 746.29 […]

You May Like