रेल यात्रियों को नहीं मिल पा रही जन सुविधाएं,SHRN परिसर में फैली है अव्यवस्थाएं

(नीरज कुमार मिश्रा) भोपाल।शहर के बैरागढ़ स्थित संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों को जन सुविधाएं नहीं मिल पा रही है. स्टेशन के अंदर और बाहर एक भी शौचालय नहीं बनाया गया है. ऐसे में जब स्टेशन के प्लेटफार्मों पर यात्रियों को कई बार घंटो इंतजार करते हुए ट्रेन पकड़नी पडती है और उन्हें शौचालय जाने की आवश्यकता महसूस होती है तो परेशान हो जाते हैं. स्टेशन परिसर में शुलभ कांपलेक्स की व्यवस्था नहीं होने से हर रोज यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खासकर महिला यात्रियों के लिए यह परेशानी ज्यादा हो जाती है. यात्रियों का इस पर कहना है कि रेलवे प्रशासन को इस पर विचार करते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए परिसर के अंदर ही एक शुलभ कांपलेक्स का संचालन कराना चाहिए जिससे कि यात्रियों को असुविधाएं न हो.

संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य जारी है. सभी तरफ का क्षेत्र खुला होने से यहां पर स्टेशन के अंदर ही मवेशी प्रवेश कर रहे हैं. यात्रियों के लिए बनाए गए वेटिंग रुम में मवेशी बैठे हुए नजर आ रहे हैं. इन मवेशियों को हटाने का काम भी कोई रेलवे का कर्मचारी करता हुआ नजर नहीं आता है. इसके साथ ही स्टेशन परिसर में वाहनों की पार्किंग की समस्या भी बनी है. दो और चार पहिया वाहन से अपनों को स्टेशन पर छोड़ने और लेने आने वाले लोगों को इस समस्या से हर रोज गुजरना पड़ रहा है. जबकि स्टेशन से हर रोज लंबी दूरी की ट्रेनें गुजरती हैं. ट्रेनों का ठहराव बैरागढ़ स्टेशन पर होने के चलते लोगों को यहां से ट्रेनों को पकड़ना पड़ता है. ऐसे में स्टेशन परिसर में अव्यवस्थाएं फैली होने से यात्रियों और उनके परिजनों को समस्याओं से जूझना पड़ रहा है.

बैरागढ़ रेलवे स्टेशन से लगी रेलवे कालोनी में भी समस्याएं पिछले एक साल से बनी हुई है. कालोनी के लिए जाने वाले रास्ते में लगाए गए बिजली के खंभे कई महीनों पहले से हटा दिए गए है. जिसके चलते देर शाम से इस रास्ते में अंधेरा पसरा होता है. इस समस्या के चलते असमाजिक तत्व किसी भी तरह की घटना को अंजाम दे सकते हैं. बैरागढ़ के मुख्य मार्ग से स्टेशन के लिए जाने वाली सड़क की समस्या को लेकर भी लोग परेशान है. लोगों का कहना है कि नई बनाई गई सड़क का एक तरफ का कार्य रूका होने से लोगों को आवागमन में भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. एक ही साइड़ के रास्ते से वाहनों का आवागमन होने से जाम की स्थिति भी बनी होती है. बता दें कि पुनर्विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बैरागढ़ स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है. ऐसे में यात्रियों को वर्तमान समय में कोई भी सुविधा नहीं मिलने से लोग परेशान हो रहे हैं.

स्थानीय रहवासी राजधन धनवानी ने बताया कि रेलवे स्टेशन और इसके आस-पास फैली अव्यवस्थाओं के चलते जहां रेल यात्रियों को हर रोज परेशान होना पड़ता है. वहीं स्थानीय रहवासियों और दुकानदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. धनवानी ने बताया कि परिसर में शौचालय की व्यवस्था नहीं होने से लोग खुले में लघु शंका करते नजर आते हैं. जिसके चलते यहां गंदगी और बदबू बनी होती है और स्थानीय लोग भी परेशान हो जाते हैं.

रहवासी बब्लू ने कहा कि रेलवे कालोनी के मार्ग पर लगे खंभों को एक साल पहले ही हटा दिया गया है. इस रास्ते से देर शाम को आवागमन करने वाले लोगों को कठिनाई के साथ ही चलना पड़ रहा है. ऐसे में किसी के साथ भी हादसे की आशंका बढ़ जाती है. बब्लू ने रेलवे अधिकारियों से मांग की है कि सम्सयाओं का जल्द से जल्द निराकरण करें. जिससे लोगों में किसी तरह का ड़र न बने.

एक अन्य रहवासी राजकुमार ने कहा कि रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य किया जा रहा है. ऐसे में यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं से भी उन्हें दूर रखा जा रहा है. वेटिंग रूम में मवेशी बैठ रहे हैं. ऐसे में यात्री प्लेटफार्मों पर ही बैठ कर ट्रेनों का इंतजार करते हुए नजर आते हैं. किसी भी तरह की सुविधाऐं न होने से यात्री परेशान हो जाते हैं.

Next Post

सुप्रीम कोर्ट ने स्ट्रीट डॉग्स और रेबीज मामलों पर लिया स्वतः संज्ञान महापौर ने स्वागत किया 

Mon Aug 11 , 2025
इंदौर। देश में कुत्तों के काटने और रेबीज जैसी गंभीर बीमारी के बढ़ते मामलों पर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को एक अंग्रेजी अखबार में प्रकाशित रिपोर्ट के आधार पर स्वतः संज्ञान लिया। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस आर महादेवन की पीठ ने इस रिपोर्ट को “बेहद चिंताजनक और परेशान करने […]

You May Like