
ग्वालियर। कांग्रेस महासचिव व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि वर्तमान समय में प्रेम, सदभाव, सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलने के लिये हम सबको संकल्प लेना होगा, क्योंकि वर्तमान समय में देश में बहुत ही विषय परिस्थिति है, हमको धार्मिक से लेकर हर आधार पर बांटा जा रहा है। जबकि इतिहास उठाकर देख लें कभी भी हिन्दुस्तान की धरती पर धार्मिक युद्ध नहीं हुये। केवल सियासी युद्ध ही हुये है और सेना में हर जाति धर्म के लोग शामिल रहते थे।
रविवार को ग्वालियर में सामाजिक संगठन मुहब्बत की दुकान के कार्यक्रम को संबोधित करते हुये पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि उन्हें दुख है की पूरे देश में धर्म का उपयोग राजनैतिक हथियार के रूप में हो रहा है, जब धर्म का उपयोग कर सत्ता हथियाई जाये तो यह अधर्म हैं। दिग्विजय ने कहा कि आज देश में कटुता, नफरत, वैमनस्य फैलाया जा रहा है हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे। ऐसे समय में हम सब देश के नागरिकों की जिम्मेदारी बनती है कि हम मिलकर सबको प्रेम, सदभाव व अहिंसा से जीते। यही हमारे नेता राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा में संदेश दिया था। दिग्विजय सिंह ने कहा कि पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ला का यह प्रयास बेहद सराहनीय है और मुहब्बत की दुकान को गांव गांव, शहर शहर और देश में फैलाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इसके द्वारा जनहित के सभी काम किये जाये और इसमे सभी दलों के लोगों को जोड़ा जाये। वहीं पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ला ने कहा कि मुहब्बत की दुकान कोई राजनैतिक संगठन नहीं है। हम सभी मिलकर इस नये संकल्प के तहत काम कर रहे है और समाज में इसका बेहतर संदेश जा रहा है।
इस मौके पर पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव, विधायक जयवर्धन सिंह, वासुदेव शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष डा. देवेन्द्र शर्मा, पूर्व विधायक बैजनाथ कुशवाह ने भी अपने विचार व्यक्त कर मुहब्बत की दुकान को एक सार्थक प्रयास बताया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद रामसेवक सिंह बाबूजी, पूर्व विधायक प्रागीलाल जाटव, कांग्रेस महासचिव सुनील शर्मा, हरिओम शर्मा सेंथरी, अख्तर हुसैन कुरैशी, गुरूदयाल सिंह, केके समाधिया, वीर सिंह तोमर, राम सिंह चौहान, सरदार गुलजार सिंह, पार्षद सईदा आसिफ अली, नाती प्रांजल तिवारी, जिला कार्यवाहक अध्यक्ष चतुर्भुज धानोलिया, प्रेम सिंह कौरव, रवि चौकोटिया, रंजीत तोमर, रविंद्र कुशवाहा, वीरेंद्र तोमर, राजेश भदौरिया, सुभाष गुप्ता, राजीव शर्मा, श्याम गौतम, लाल सिंह कुशवाह, रवीन्द्र कुशवाहा, लोकेन्द्र शर्मा, शुभम सिकरवार, गौरव लश्कर, रवि बंजारा, रवि चौहान, नगर पाल, हसन मोहम्मद कुरैशी, राजू खान, देवेंद्र पांडे, घनश्याम राजपूत, आबिद जफर कुरेशी आदि उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन लतीफ खान मल्लू ने किया।
