
बालाघाट। किरनापुर क्षेत्र के साल्हे पिपरटोला गांव के पास 9 अगस्त को नहर अचानक फूट गई, जिससे आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया। नहर के अंदर धंसान से बड़ा गड्ढा बन गया है, जो कभी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। किसानों ने आरोप लगाया कि इस वर्ष नहर की सफाई और मरम्मत नहीं हुई तथा अधिकारियों ने निरीक्षण तक नहीं किया।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश से पहले ही मरम्मत की मांग की गई थी, लेकिन अनसुनी की गई। घटना की सूचना सुबह दी गई, फिर भी अधिकारी शाम करीब 5 बजे मौके पर पहुंचे। किसानों का कहना है कि उनसे सिंचाई के लिए पैसे तो लिए जाते हैं, लेकिन मरम्मत नहीं की जाती।
नहर फूटने से दर्जनभर गांवों की फसलें सूखने के कगार पर हैं। खेतों में खड़ी फसल पानी के अभाव में नष्ट हो सकती है। किसानों ने कलेक्टर से त्वरित मरम्मत और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
सिंचाई विभाग पर लापरवाही और जिम्मेदारी से बचने के आरोप लग रहे हैं।
