ढाका 10 अगस्त (वार्ता) बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने एलेक्स मार्शल, जूलियन वुड और टोनी हेमिंग को नये कोचों के रूप में नियुक्त किया है।
बीसीबी की शनिवार को हुई बैठक के बाद एलेक्स मार्शल, जूलियन वुड और टोनी हेमिंग को नए कोचों के रूप में नियुक्त किया है। वुड तीन महीने के लिए विशेषज्ञ बल्लेबाजी कोच के रूप में कार्यभार संभालेंगे। वह एक पावर-हिटिंग विशेषज्ञ हैं और हाल ही में श्रीलंका क्रिकेट के साथ काम कर चुके हैं। मार्शल को एक साल के लिए बोर्ड के भ्रष्टाचार निरोधक विभाग का सलाहकार नियुक्त किया गया है। मार्शल पिछले साल सितंबर तक आईसीसी की भ्रष्टाचार रोधक इकाई के महाप्रबंधक थे।
बीसीबी की मीडिया समिति के अध्यक्ष इफ्तिखार रहमान ने कहा कि बीसीबी ने बीपीएल के भ्रष्टाचार रोधी कार्यों की देखरेख के लिए आईसीसी की अखंडता इकाई को नियुक्त किया है। बीसीबी की भ्रष्टाचार रोधक इकाई वर्तमान में 2024-25 सीजन के बीपीएल और ढाका प्रीमियर लीग में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रही है।
हाल ही में पीसीबी के मुख्य क्यूरेटर के पद से इस्तीफा देने वाले हेमिंग को भी बीसीबी ने बुलाया है। हेमिंग की नियुक्ति के साथ ही यह सवाल उठा कि क्या शेरे बांग्ला राष्ट्रीय स्टेडियम के क्यूरेटर गामिनी सिल्वा अपने पद पर बने रहेंगे। रहमान ने बताया कि गामिनी को एक साल का सेवा विस्तार दिया गया है।
रहमान ने कहा, “टोनी हेमिंग को दो साल के लिए टर्फ प्रबंधन प्रमुख नियुक्त किया गया है। हमारे सभी अंतरराष्ट्रीय स्थल और क्यूरेटर उनके अधीन रहेंगे। वह बंगलादेश के क्यूरेटरों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया भी संभालेंगे। बोर्ड के सभी निदेशकों की उन्हें वापस लाने में रुचि थी।”
