
सोहागपुर/इटारसी। संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित विश्व आदिवासी दिवस शनिवार को जिलेभर में उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। सोहागपुर उपमंडी में विकासखंड के आदिवासियों ने लोक नृत्य, डंडा कार्यक्रम और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए तथा समाज की मेधावी प्रतिभाओं को सम्मानित किया। जनपद अध्यक्ष जालम सिंह पटेल, नप उपाध्यक्ष आकाश रघुवंशी, कांग्रेस नेता पुष्पराज सिंह पटेल सहित अनेक गणमान्य मंचासीन हुए। सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने फोन पर शुभकामनाएं दीं। डंडा कार्यक्रम के बाद उपमंडी से रैली निकालकर मंगल भवन में समापन किया गया।
इधर, इटारसी के सहेली स्टेडियम में आदिवासी विकासखंड केसला के हजारों लोग विभिन्न गांवों से जुलूस की शक्ल में पहुंचे। पीले झंडों और पारंपरिक नारों के बीच आदिवासियों ने “जल, जंगल, जमीन की रक्षा हम करेंगे” का संकल्प दोहराया। बिरसा मुंडा और रानी दुर्गावती के बलिदान को याद किया गया। पारंपरिक वेशभूषा में युवक-युवतियों ने नृत्य किया और तीर-कमान के साथ सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम कलमे, जिला पंचायत सदस्य सीमा कासदे, आदिवासी नेता फागराम, नर्मदा प्रसाद नागले सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
दोनों स्थानों पर हुए आयोजनों ने न केवल आदिवासी संस्कृति की समृद्ध धरोहर को प्रदर्शित किया बल्कि समाज की एकजुटता और पर्यावरण, परंपरा तथा अधिकारों की रक्षा के संकल्प को भी सशक्त किया।
