काकीनाडा, 09 अगस्त (वार्ता) 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में डिवीजन ‘ए’ के क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में हरियाणा, छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तर प्रदेश ने शनिवार को जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली।
आज यहां दिन के पहले क्वार्टर-फाइनल में, हरियाणा ने ओडिशा पर 4-1 से आसान जीत हासिल की। विजेता टीम की ओर काजल ने (दूसरे) मिनट में शुरुआती गोल किया और दूसरे क्वार्टर में सुप्रिया ने (27वें) मिनट में एक और गोलकर बढ़त को दोगुना कर दिया । कप्तान शशि खासा ने (36वें) मिनट में तीसरे क्वार्टर में एक गोल करके स्कोरशीट में जगह बनाई। अंतिम क्वार्टर में अमीषा एक्का ने (47वें) मिनट में ओडिशा के लिए एक सांत्वना गोल किया, लेकिन सावी ने (60वें) मिनट में हरियाणा के लिए फिर से गोल करके अपनी टीम को बड़ी बढ़त के साथ जीत दिला दी।
दिन के दूसरे मैच में छत्तीसगढ़ ने चार क्वार्टर में 1-1 से बराबरी के बाद हुए शूटआउट में मध्य प्रदेश को 2-1 से हराया। यशोदा ने (दूसरे) मिनट में छत्तीसगढ़ के लिए शुरुआती गोल किया, लेकिन हुडा खान ने (15वें) मिनट, पहले क्वार्टर के अंत में मध्य प्रदेश के लिए तुरंत बराबरी का गोल दागा। अगले तीन क्वार्टर में दोनों टीमें गेंद पर कब्जा जमाने के लिए जूझती रहीं, लेकिन कोई भी विजयी गोल नहीं कर सकीं। मध्य प्रदेश के लिए शूटआउट के दौरान काजल ने अपने एक प्रयास में गोल किया, जबकि छत्तीसगढ़ की कप्तान रुखमणी ने शूटआउट के दौरान अपने दोनों प्रयासों में गोल करके अपनी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया।
तीसरे क्वार्टरफाइनल में झारखंड ने पंजाब को 3-1 से हराया। पंजाब की पवनप्रीत कौर (छठे) मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर पहला गोल किया, लेकिन उनकी बढ़त केवल एक मिनट तक ही रही। झारखंड के लिए स्वीटी डुंगडुंग ने (7वें) मिनट में बराबरी का गोल दागा, जिसके बाद शांति कुमारी ने (22वें) और रोशनी आइंद ने (46वें) मिनट गोल करके जीत पक्की कर दी।
दिन के अंतिम मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने महाराष्ट्र पर 2-1 से जीत दर्ज की। बेहद करीबी और गोलरहित पहले हाफ के बाद, सल्लू पुखरामबम ने (36वें) मिनट तीसरे क्वार्टर में उत्तर प्रदेश के लिए पहला गोल किया, हालांकि कुछ ही क्षणों बाद महाराष्ट्र की दीक्षा नितिन शिंदे ने (45वें) मिनट में एक मैदानी गोल करके मैच को फिर से बराबरी पर ला दिया। मैच के अंतिम क्वार्टर में रश्मि पटेल ने (55वें मिनट) पेनल्टी कॉर्नर पर उत्तर प्रदेश के लिए विजयी गोल किया।
