मुंबई, 03 सितंबर (वार्ता) एनडीटीवी समाचार चैनल और अन्य मीडिया प्लेटफार्मों की परिचालक कंपनी मीडिया कंपनी न्यू दिल्ली टेलीविज़न लिमिटेड (एनडीटीवी) के निदेशक मंडल ने अपने पात्र शेयरधारकों से राइट्स इश्यू के माध्यम से 400 करोड़ रुपये तक की पूंजी जुटाने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दी है। कंपनी इस पूंजी का इस्तेमाल अन्य उद्देश्यों के साथ डिजिटल दुनिया की संभावनाओं का लाभ उठाने पर करेगी।
कंपनी ने बुधवार को एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। निदेशक मंडल की बैठक मुंबई में मंगलवार को हुई।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि राइट्स इश्यू से एनडीटीवी का लेखा-जोखा मज़बूत करने और वित्तीय शक्ति बढ़ाने बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। कंपनी जुटाई गयी पूंजी का इस्तेमाल सामान्य उद्येश्यों को पूरा करने के साथ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति बढ़ाने के लिए वितरण के विस्तार, ब्रांड निर्माण में निवेश, नयी बौद्धिक संपदा का विकास तथा कर्ज भार में कमी लाने पर करेगी।
एनडीटीवी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रधान संपादक राहुल कंवल ने कहा, “यह राइट्स इश्यू एनडीटीवी को मज़बूत करने और इसे विकास के अगले चरण के लिए तैयार करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। हम जो संसाधन जुटायेंगे, उनसे हम अपनी पहुंच बढ़ायेंगे और अपना प्रभाव बढ़ायेंगे, साथ ही विश्वसनीय, भरोसेमंद और समझौतों से मुक्त पत्रकारिता की राह पर ईमादारी से चलते रहेंगे, जिसके लिए हम हमेशा से प्रतिबद्ध रहे
हैं।”
उन्होंने कहा, “ डिजिटल दुनिया हमारे लिए नयी संभावनायें और नये दर्शक खोल रही है और यह निवेश हमें विकास के नये क्षेत्रों को तलाशने में भी मदद करेगा। हमारा लक्ष्य एक मज़बूत, भविष्य के लिए तैयार एनडीटीवी का निर्माण करना है, जो नये भारत की आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करे।”

